Showing posts with label गीताश्री. Show all posts
Showing posts with label गीताश्री. Show all posts

Friday, October 16, 2015

यात्रा कोलाज - केरल

यात्रा कोलाज - केरल 

आश्चर्य का देवलोक

न जल्दी करो न परेशान हो। क्योंकि आप यहां एक छोटी-सी यात्रा पर हैं। इसीलिए निश्चिंत होकर रुकिए और फूलों की खूशबू का आनंद उठाइए...
                               (वाल्टर हेगन)

अथिरापल्ली झरना 
यही है ईश्वर, यही है ईश्वर...विराट है ईश्वर...और क्या है ईश्वर...यही तो है...विराट...

सामने विराट झरने को देखते हुए अल्का धनपत दोनों बांहे फैलाएं बुदबुदा रही थीं। शोर से भरा हुआ माहौल भी उनकी इस बुदबुदाहट को छिपा नहीं पाया। उनके चेहरे पर पानी की फुहिंयां पड़ रही थीं. वे गीलीं हो कर लगातार भव्यता के बयान में डूबी थीं।
यह नजारा वहां आम है....एक बार जो आता है, वह झरने के बाहुपाश में बंध जाता है। ठीक वैसे ही जैसे हालिया रीलीज फिल्म बाहूबली की भव्यता ने सिनेप्रेमियों को अपने मोहपाश में बांध लिया था। अल्का मारीशस से आईं थी, सेमिनार में भाग लेने। बहुत ही सुंदर द्वीप से आई हुईं विदुषी पर्यटक का चकित होकर इस तरह झरने को ईश्वरी रुप में स्वीकार लेना अनूठा अनुभव था हम सबके लिए।


केरल के त्रिशुर जिले का एक प्रसिद्ध ब्लाक कोंडुगलूर से पचास किलोमीटर दूर स्थित अथिरापल्ली के घने जंगलो में यह विराट झरना कई कारणों से प्रसिद्ध है। याद करिए...गुरु फिल्म में एक गाना---
गीताश्री
गीली चट्टान पर , बारिश में भींगते हुए ऐश्वर्या राय गा रही हैं....बरसो रे मेघा मेघा...बरसो रे..., यहीं है वो जगह जहां हजार मीटर ऊपर से झरना नीचे गिरता है और पत्थरों से टकरा कर पानी चारों तरफ धुंध की तरह छा जाता है। आप झरने के सामने मुंह करके खड़े हो तो पानी की छींटे भिंगो जाएंगे।  
बाहूबली फिल्म की याद तो ताजा होगी सबके जेहन में। बाहूबली इसी झरने की नीचे खड़ा होकर ऊपर की पहाड़ियों पर चढने का स्वप्न देखा करता था और झरने को पार करने के मंसूबे पाला करता था। जिसे एक दिन वह पार कर ही जाता है। इस विराट झरने को को कोई दैवीय शक्ति ही पार कर सकती है। बाहुबली की शूटिंग यही हुई थी।
झरने को पास से महसूसने के लिए, उसे चखने के लिए बहुत उतराई है और फिर उतनी ही चढाई भी है। दूर से भी देख सकते हैं लेकिन झरने के विराट स्वरुप को देखने और महसूस करने के लिए चढाई उतराई का कष्ट झेलना ही पड़ेगा। एक बार झरने का सामना होगा तो दुनिया ओझल हो जाएगी। सारी थकानें छूमंतर। सामने विराट स्वरुप और आप। दो विशिष्टों की मुलाकात और समयहीन होता समय। कभी अपने छोटे और निरीह होने का बोध तो कभी ईश्वरीय छटा देखने का गर्व। दोनों बांहे फैलाएं देर तक झरने को छू कर आती गीली हवा को अपने फेफड़ो में भर ताजादम हो सकते हैं। सारे विषाद धुल जाते हैं। झरने को एक निश्चत दूरी से देखते हैं। पास से देखने के कई खतरे। इतना खींचाव महसूस होता है कि पर्यटक रोक नहीं सकते खुद को। ठीक वैसे ही जैसे हल्के अंधेरे में समदंर खींचता है अपनी ओर।
केरल के पास प्राकृतिक सौंदर्य का अकूत खजाना है। अथिरापल्ली इलाके में ही दो और भव्य झरने हैं। पर्यटको का तांता लगा रहता है। कोंडुगुलूर ज्यादा लोकप्रिय पर्यटन स्थल नहीं है। इसीलिए अथिरापल्ली में स्थानीय पयर्टक ज्यादा दिखाई देते हैं। केरल आने वाले  पर्यटक सबसे ज्यादा दो जगहों पर जाना पसंद करते हैं। केरल का हिल स्टेशन मुन्नार और बैकवाटर के लिए फेसम एलेप्पी और कुमारकोम।  
जबकि केरल के चप्पे चप्पे पर प्राकृतिक सौंदर्य ही नहीं, ऐतिहासिक और पौराणिक खजाना भी भरा पड़ा है। किसी शहर को रेशा रेशा खोलना (एक्सप्लोर) करना हो तो पोपुलर जगहों की नहीं, उसके सुदूर इलाको में जाना चाहिए। जहां जाकर आपके ज्ञान में बढोतरी ही होती है।
भरत मंदिर 
अगर कोंडुगुलर के अंदरुनी इलाके में हम न घूम रहे होते तो कैसे पता चलता कि देश का इकलौता भरत मंदिर यहां है। देश के किसी भाग में राम के भाईयों के मंदिर नहीं मिलेंगे। मगर कोंडुगुलूर के आसपास के इलाको में राम के अलावा सभी भाईयों के मंदिर मिलेंगे जहां उनको देवताओं की तरह पूजा जाता है।  बलुई पत्थरों से बना यह प्राचीनकालीन मंदिर हैं। इनका स्थापत्य ही उसकी प्राचीनता की ओर इंगित करता है। पांच किलोमीटर की दूरी पर भरत, लक्ष्मण और शत्रुध्न के नाम पर मंदिर हैं। ठीक वैसे ही जैसे देश भर में ब्रम्हा का एक ही मंदिर पुष्कर में है।
राम के तीसरे भाई भरत के नाम पर कोडलमनिक्यम मंदिर भी चेरा किंग सतनु रवि वर्मन के शासन काल में 854 ए डी में बना था। कोंडुगुलुर प्रखंड के इरींजालाकुड़ा गांव में स्थित इस मंदिर में भरत की छह फुटा मूर्ति है जिसका चेहरा पूरब की तरफ है।
अंदरुनी हिस्से में न घूमते तो यह भी पता न चलता कि मेथाला गांव में भारत की पहली मस्जिद की स्थापना हुई थी। जहां आज भी नमाज पढी जाती है। इस ऐतिहासिक धरोहर को प्रशासन ने आज तक सहेज संभाल कर रखा है और इसका विस्तार भी किया है। मस्जिद के साथ ही इसका संग्रहालय भी है जिसमें सदियों पुरानी धरोहरें दिखेंगीं। ऐतिहासिक दस्तावेजो के अनुसार इस मस्जिद की स्थापना 629 AD में हुई थी।

प्राचीन काल में भारत और अरब देशों के बीच व्यापारिक संबंध थे। अरब देशों के व्यापारी सुमद्गी रास्तों से भारत आते थे। वे जहां भी जाते, वहां अपने धर्म और संस्कृति को साथ ले कर जाते। बताते हैं कि अरब व्यापारियों का एक दल मालाबार क्षेत्र में आया तो उन्हें अपने धार्मिक स्थल की आवश्यकता महसूस हुई। इसी दौरान इस क्षेत्र के राजा चेरा , जिन्हें हजरत मौहम्मद का समकालीन माना जाता है, वे इनके संपर्क में आएं और इतने प्रभावित हुए कि इस्लाम धर्म कबूल कर लिया। बाद में वे ताजुद्दीन नाम से मशहूर हुए।
राजा ने ही अरब के रहने वाले मलिक-बिन-दीनार को खत लिख कर यहां मस्जिद बनाने का आग्रह किया। 7वीं शताब्दी में अरब से व्यापारियों का एक दल मलिक बिन दीनार और मलिक बिन हबीब के नेतृत्व में केरल आया और इस मस्जिद की स्थापना की। उन्होंने राजा चेरा के नाम पर ही मस्जिद का नाम चेरामन मस्जिद रख दिया। 11वीं शताब्दी में इस मस्जिद का पुनरुद्धार हुआ और उसके बाद कई बार इसका परिसर बढाया गया। सांप्रदायिक सदभाव की प्रतीक मस्जिद आज भी चमकती है। इसके रखरखाव पर खासा जोर रहता है। क्योंकि यह मस्जिद गैर मुस्लिमों के बीच भी श्रद्धा का केंद्र बनी हुई है। हिंदू परिवार के लोग अपने बच्चे का विधारंभ उत्सव इसी मस्जिद में करते हैं।

भरत मंदिर परिसर 
केरल के छोटे छोटे विकसित गांवों में प्रकृति और इतिहास के कितने ही गौरवशाली पन्ने फड़फड़ाते मिलेंगे। कोंडुगुलूर का पचास साल पहले बना एम ई एस अस्माबी कालेज भी उतना ही गौरवशाली है। पूरे दावे के साथ कहा जा सकता है कि दक्षिण भारत में अकेला राज्य है केरल जहां हिंदी के प्रति बैर का भाव नहीं, जहां हिंदी सबको समझ में आती है और थोड़ा बहुत सब बोल लेते हैं। खासकर टूरिज्म से, ड्राइविंग से और रेस्तरां से, अध्यापन से, किसी भी व्यवसाय से जुड़े लोग हिंदी अच्छी बोल लेते हैं। केरल के तन पर जितना पानी है उतना ही पानी केरल के लोगों और उनके मिलनसार स्वभाव में है। नारियल पानी की मिठास उनकी हंसी में मिलेगी और नेह उनके आतिथ्य में। केरल का खानपान भी लजीज है। कई प्रकार के व्यंजन है जिसका स्वाद सिर्फ वहीं जाकर लिया जा सकता है। कहते हैं न कि खाने का मौलिक स्वाद में उस जगह की हवा और पानी का भी योगदान होता है। सुखद ये कि जिस कालेज में हिंदी सेकेंड लैंगेवेज की तरह पढाई जाती है वहां हिंदी में एक अंतराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन आश्वस्तिदायक लगा। विषय भी ऐसा कि एकबारगी आप हैरान हो जाएं... हिंदी साहित्य में सेना-सिविल संबंध। अमेरिका ( देवी नागरानी) मारिशस (अल्का धनपत) के अलावा देशभर से प्रतिभागी, वक्ता यहां जुटे और दो दिन तक हिंदी ही हिंदी छाई रही। चलते समय इसीलिए आयोजन मंडल से जुड़े प्रो. रंजीत माधवन ने कहा—आप लोग चले जाएंगे पर हमलोग कई दिन तक हिंदी में ही हिंदी की बातें करते रहेंगे।
आत्मीयता की ऐसी मिठास देवों की धरती पर ही संभव है।  


गीताश्री @ भरत मंदिर 



Friday, October 24, 2014



यादो के गलियारे में कुछ फूल, कुछ खुशबुएं
गीताश्री

महंथ दर्शन दास महिला कालेज, अस्सी का दशक।
रात के हंगामे के बाद सुबह सुबह होस्टल जैसे शांत पड़ा था। भीतर भीतर हलचल सी थी। हल्का सा खौफ, गुस्सा और आशंकाएं भी कि आज रात फिर न कहीं वही घटना घट जाए। वह दहशत की सुबह थी और मैं इस दहशत से मुक्त थी क्योंकि मेरे होस्टल में नहीं, दूसरे होस्टल में घटी थी, वह होस्टल ज्यादा खुला था। हम बंद बिल्डिंग में रहते थे। चारो तरफ से बंद, परिंदा भी रात में पर नहीं मार सकता था। प्रिंसेस होस्टल रेलवे लाइन के ज्यादा करीब था और उसकी चहारदीवारी तरप कर कोई भी असामाजिक तत्व के घुसने की संभावना थी। कभी ऐसा घटा नहीं था। उस रात घट गया। वह चोर था या गुंडा मवाली, पता नहीं पर चहारदीवारी फांद कर अंदर घुस चुका था। घुसा और पकड़ा गया। चीख पुकार मची, गार्ड और चपरासी दौड़े आए, वार्डन आईं, पुलिस आई, खूब मार पिटाई हुई, जेल गया। रात भर होस्टल में यह दहशत रही कि कहीं उसका दूसरा साथी यही कहीं छिपा तो न। दहशत की सुबह हुई और शोर मच गया..प्रिंसिपल दी आ रही हैं..ललिता दी आ रही है..। सुबह सुबह ही भगदड़ सा माहौल कि ललिता सिंह दी के सामने कौन जाएगा..कौन उन्हें घटना स्थल तक ले जाएगा। वार्डन तो साथ रहेंगी पर किसी नेता टाइप, साहसी लड़की को भी साथ होना चाहिए ना। अप्रैल की धूप बहुत कड़ी थी। मैं अपने होस्टल के बाहर ललिता  दी के इंतजार में खड़ी थी। मैं उनके साथ होना चाहती थी। वह लेडी, जिसे मैं अब तक दूर से देखा करती थी, जिनकी सुंदरता की मैं कायल थी, जिनकी चाल राजसी थी और जो कालेज में घुसती थी तब सारा कोलाहल थम सा जाता था। जो जहां हैं, कुछ पल के लिए वहीं ठिठक जाता था। हमारी निगाहे उनकी तरफ चोरी से उठती थी, वे गेट पर उतर कर सीधे पैदल चलती हुई अपने चेंबर तक जाती थीं। सफेद झक्क साड़ी, पले बार्डर वाली। सीधा पल्लू । हमें किसी फिल्म की नायिका जैसी लगती थीं। जिसे बार बार देखने का मन हो। हम गांव कस्बो से निकल कर आईं लड़कियां उनके इन राजसी ठाठ को सिहा सिहा कर देखा करती थीं और एक दिन खुद उनकी तरह बन जाने का सपना देखा करती थीं। वही ललिता दी होस्टल में आ रही थीं, घटना को समझने के लिए। लड़कियों का मनोबल, हिम्मत बढाने के लिए। सुरक्षा इंतजाम का जायजा लेने कि लिए। वह होस्टल के दौरे पर कम आयी थीं। उन्हें अपने वार्डन पर भरोसा था। इस तरह की घटना ने उन्हें विवश किया कि वे होस्टल का दौरा करें। अपने उसी राजसी चाल ढाल में, चपल गति से चलती हुईं ललिता दी आ रही थीं और उनके साथ कई प्रोफेसर, लड़कियां। मैं होस्टल के बाहर छतरी लेकर खड़ी थी। जैसे ही वे पास आईं, मैंने छतरी खोल कर उनके साथ हो ली। पूरे दौरे में मैं उनके साथ साथ, बाकी सब आगे पीछे। वार्डन उन्हें ब्रीफ कर रही थीं। गार्ड सब समझा रहा था। वे चारो तरफ जायजा ले रही थीं। मैं लगातार उनके साथ, उनके सिर पर छाता टांगे हुए। जैसे कोई महारानी के साथ चंवर लिए दासिया चलती हैं..। मैं आहलाद से भरी थी। धूप कड़ी थी। अचानक उन्हें कुछ ध्यान आया, वे मेरी तरफ मुड़ी, हाथ बढा कर मुझे छाते के नीचे खींच लिया।
इधर आओ...तुम्हे धूप नहीं लग रही है क्या..हम दोनों इसमें आ जाएंगे..डरो नहीं..आओ..
एक छाते के नीचे आधे आधे धूप से बचते बचाते चलते रहे। बीच बीच में वे मुस्कुरा कर रात के बारे में पूछती और मैं जवाब देती, थोडी सहमी सहमी सी। हम सब पर ललिता दी का इतना दबदबा था कि हम बहुत ऊंची आवाज में बात नहीं कर सकते थे। कुछ लडकियों की फुसफुसाहट मेरे कानों में पड़ी थी..पक्की चमची है..। मैंने झटक दिया। दिलजलो की परवाह न करना, बकवासो को अनसुना करना मैंने उसी दिन सीखा। मैंने कईयो की आंखों में अपने प्रति ईर्ष्या भाव भी देखा, हाय हाय हम क्यों न हुए टाइप चेहरे पर भाव आ जा रहे थे। मुझे परवाह नहीं, उसस वक्त मैं उस वक्त अलग मनोदशा में थी, वह उस वक्त का सबसे सुंदर पल था। जो मुझे नसीब से मिला था। मैं इस अवसर को हाथ से नहीं जाने दे सकती थी, मुझे उनकी निकटता का अहसास लेना था। मेरे मन में उनके प्रति आकर्षण की एक और वजह थी जिसे मैं आगे बताऊंगी।
उस दिन के बाद से ललिता दी मुझे पहचान गई थीं। चलते चलते उन्होने मुझसे नाम और क्लास पूछा था जो उन्हें तब तक याद रहा, जब तक मैं वहां से पढ कर निकली नहीं। फिर तो वे हर आयोजन से पहले एक बार जरुर बुलाती थी। चाहे आनंद मेले का आयोजन हो या वार्षिक खेलकूद का आयोजन। सालाना जलसा हो या 15 अगस्त, 26 जनवरी की तैयारी। भव्य आयोजन में काम करने करवाने के लिए वोलेंटियर की जरुरत हो। अपने चेंबर में बुलाती और डिस्कस करतीं। वहां पहले से कई प्रोफेसर बैठी होती थीं, हम खड़े खड़े उनका निर्देश सुनते और काम पर लग जाते। काम के प्रति जिम्मेदारियों का अहसास ललिता दी की वजह से ही हुआ, उनका भरोसा और आत्मीयता बढती जा रही थी धीरे धीरे।
सच तो यह था कि एक बार कालेज के सालान फंक्शन के लिए मेरे समेत कुछ लड़कियों का चयन हुआ था एक खास गीत गाने के लिए। हम धुन में गाते थे।
अज्ञेय द्वारा संपादित तीसरा सप्तक के सात कवियों में से एक महत्वपूर्ण कवि मदन वात्स्यायन का गीत था...गोरी मेरी गेंहुअन सांप, महुर धर रे...। बीच की लाइन थी..लहरे गात वात मद लहरे...गोरी मेरी गेंहुअन सांप...। ठीक से पंक्तियां याद नहीं आ रही हैं। कुछ ऐसी ही थीं। स्मृतियों के सहारे लिख रही हूं। इस गीत को फिर से गाने की ललक पैदा हो रही है, क्योंकि यह गीत मुझे ललिता दी की याद दिलाता है। हमें पता चल गया था कि गीतकार ललिता दी के पति हैं। अब तक हम जानते थे कि उनके पति लक्ष्मी निवास सिंह सिंदरी में इंजीनियर हैं। वे इतने बड़े कवि हैं, ये कहां पता था। मेरे भीतर तब तक काव्य चेतना जाग चुकी थी। हिंदी साहित्य प्रिय विषय था सो कविता को अपनी समूची इंद्रियों से महसूस कर सकती थी।
मैं ललिता दी के आने का समय जान गई थी। वे समय की इतनी पाबंद थी कि वह पाबंदी मेरे भीतर आज भी है। मैं समय से पहले पहुंच सकती हूं, देर पहुंचने पर बहुत शर्मिंदगी होती है। इसलिए मैं समय से पहले स्थल पर पहुंच कर कई बार अकेले इंतजार कर सकती हूं। ललिता दी समय पर आती तो जैसे कालेज में सनसनी सी फैल जाती। मैं क्लास में बैठी रहूं तो भी पता चल जाता था कि वे आ गई हैं। क्लास का माहौल भी बदल जाता था। क्या पता, किधर धमक जाएं। पर वे धमकती नहीं थी। मैं उन्हें जाते हुए टकटकी लगाए देखा करती और उनके उज्जवल धवल रुप पर मुग्ध हो जाया करती थी।
कभी किसी से कहा नहीं, आज कह पा रही हूं कि वह गीत गुनगुनाते हुए मैंने, ललिता दी की तरफ कई बार गौर से देखा और उसके बिंबो पर गौर किया...जब वे चलती थीं तो मुझे लगता वे लहरा रही हैं...लहरे गात वात मद लहरे...जैसे कोई हवा अपने मद में लहरा रही हो। ललिता दी के चेहरे का तेज देखती तो मेरे भीतर का अंधेरा खत्म होने लगता था। शायद उनके रुप से प्रभावित होकर सौंदर्य की तुलना गेहुंमन सांप से की गई हो। रुपसी नायिका के सौंदर्य़ बखान से भरा था वह गीत। कवि जरुर ललिता दी पर मुग्ध हुए होंगे तभी इतनी सुंदर रचना सामने आई होगी। इस गीत ने मेरी चेतना में ललिता दी को मेरी प्रिंसिपल की जगह कविता की नायिका में तब्दील कर दिया था।
ललिता दी ने कभी हमें पढाया नहीं था, पर समारोहो में जब वे भाषण देतीं तो उनकी गंभीर सधी हुई संतुलित आवाज मेरे भीतर पैठ कर एक व्यक्तित्व का निर्माण करती थी। कई बार मेरा मन होता कि उनके हाथ में बस वीणा पकड़ाने की देर हैं, वे सरस्वती के फ्रेम में बिल्कुल फिट बैठेंगी। वैसी ही सफेद बार्डर वाली साड़ी और गोरा चिट्टा आकर्षक चेहरा जो उन्हें समूचे कालेज की शिक्षिकाओं के अलग ठहराता था। जब वे बोलती थीं तो हम सब गौर से सुनते थे। वे हमें आसन्न जीवन के लिए तैयार कर रही होती थीं। आज लड़कियों की शिक्षा का बहुत शोर उठता सा दिखता है। हमें अस्सी के दशक में ही ललिता दी अपने भाषणों में शिक्षित होने और कुछ नया करने की बाते करती थीं। वे हमें भविष्य के लिए तैयार करना चाहती थीं। वे जीवन का पाठ पढा रही थीं कि विपरीत हालात में भी विचलन से कैसे बचा जाए और भीड़ में कैसे भिन्न दिखा जाए। मेरा पूरा ग्रुप शरारती लड़कियों का था, पर जैसे ही ललिता दी सामने होतीं, हम ठहर से जाते थे। जैसे किसी ने तपते माथे पर ठंडे रुई का फाहा रख दिया हो। मैं जानती थी कि यहां से जाने के बाद ललिता दी से मुलाकात शायद संभव न हो। इसलिए उनकी खूब सारी बातें, यादें अपनी चेतना में दर्ज कर लेना चाहती थी। कालेज में मेरे जैसी और मुझसे ज्यादा प्रतिभावान लड़कियां थीं, ललिता दी किस किस को याद रखेंगी। हर साल नया बैच आता और जाता है। हम सब चले जाएंगे। टीचर को अपने स्टूडेंट की याद कई बार नहीं रहती।
 ललिता दी ने तो हमें पढाया भी नहीं था, वे बस इस रुप में जानती थी कि ये लड़की अति उत्साही है, जुनूनी है, कुछ भी कर देगी, करवा देगी। मेरे जैसी तो कई आएंगी, जाएंगी। क्या मैं इतनी भव्य, गरिमामयी प्रिंसीपल को कभी भूल पाऊंगी। आज भी हिंदी फिल्मों में किसी भव्य प्रिसिंपल को देखती हूं तो ललिता दी याद आती हैं और मैं गर्व से भर उठती हूं।
जब मैं दिल्ली चली आई और लंबे समय बाद जाना हुआ तो पता चला कि ललिता दी वाइस चांसलर हो गई हैं। मन हुआ, एक बार मिलूं, उन्हें बताऊं कि आपकी यह अति उत्साही छात्रा पत्रकार बन गई है। लीक से हटकर काम कर रही है। उसने वह सब हासिल कर लिया, जिसके सपने आप उसकी और उसके जैसी सैकड़ो लड़कियों की आंखों में भरा करती थीं। मैंने अलग सपने देखें, कठिन राहो पर चली, बहुत कुछ छोड़ा और अपने को खोज लिया। आप जिस स्त्री अस्मिता की बात करती थीं, उसका बोध तब नहीं हुआ था, सालो बाद जब मैंने खुद को ढूंढा पाया तो आपका पाठ याद आया। आप हमें शिक्षित ही नहीं कर रही थीं, हमें सीखा भी रही थीं। मैं संकोच में नहीं मिल पाई और कसक सी बनी रही। बाद में उनके न रहने पर कचोट ज्यादा ही बढ गई।
आज उन्हें इतने सालो बाद याद करते हुए महसूस कर रही हूं कि समंदर में मेरी आस्था किसी हरे भरे टापू की तरह तैर रही है.
मुझे वह गीत याद आ रहा है...लहरे गात वात मद लहरे..विनोदिनी दी उसका अर्थ समझा रही हैं। नायिका भेद पढाते हुए उस गीत का जिक्र कर रही हैं।